एन आई एन,

पिथौरागढ़। नगर से लगे मूनाकोट के पनखोला तोक में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सूअर पकड़ने के लिए लगाए गए कटीले तार में एक गुलदार फंस गया। तार में फंसने के कारण गुलदार काफी देर तक मौके पर ही छटपटाता रहा।

सुबह ग्रामीण नवीन चंद, मनोज चंद और सूरज चंद की नजर तार में फंसे गुलदार पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना भाजपा के पूर्व मंडल मंत्री योगेश चंद को दी। योगेश चंद ने वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी सहित अन्य अधिकारियों को गुलदार के फंसे होने की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। टीम ने गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए उसे ट्रेंकुलाइज किया और सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया।

प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने बताया कि रेस्क्यू किया गया गुलदार करीब आठ वर्ष का नर है। प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद गुलदार को रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है। इस बारे में अन्य जानकारी के लिए विभाग के अधिकारियों को फोन किया परंतु अधिकारियों द्वारा फोन  नहीं उठाएं गए।



Share on Facebook Share on WhatsApp