एन आई एन,
पिथौरागढ़। ज़िले के धारचूला में लगातार हो रही बारिश के चलते सोबला-ढाकर मोटर मार्ग काकड़ बालमी के पास भारी भूस्खलन की चपेट में आकर पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आने से मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
मार्ग बंद होने से उच्च हिमालयी दारमा घाटी के दर्जनों गांवों का धारचूला तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया है। इससे ग्रामीणों के साथ ही आवश्यक सेवाओं और सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों की आवाजाही प्रभावित हुई है। लंबे समय तक मार्ग बंद रहने पर घाटी में जरूरी सामान की आपूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका है।
भूस्खलन की सूचना स्थानीय प्रशासन और सीमा सड़क संगठन को दे दी गई है।