एन आई एन,
पिथौरागढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने ऐचोली बैरियर पर चेकिंग के दौरान 24.4 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपित की पहचान मौ. वासिद (24) निवासी आमलपुर गजरौला, बरेली, हाल निवासी लिन्ठ्यूड़ा पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपित नानकमत्ता से किसी व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर पिथौरागढ़ लाया था।
आरोपित के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर नशे के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।