एन आई एन,
पिथौरागढ़। मुनस्यारी में दरकोट से जीजीआईसी नमजला तक जाने वाले 2.2 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। राज्य योजना वर्ष 2026-27 के तहत शासन ने मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए एक करोड़ 48 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
अपर सचिव महावीर सिंह चौहान की ओर से तीन सितंबर को इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। सड़क के सुधारीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों और विद्यार्थियों को खस्ताहाल मार्ग से राहत मिलेगी। सड़क की बदहाली को लेकर पूर्व ग्राम प्रधान भगत सिंह बिष्ट के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पूर्व में उपजिलाधिकारी कार्यालय मुनस्यारी में जुलूस-प्रदर्शन भी किया था। क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी के प्रयासों के बाद शासन स्तर से बजट स्वीकृत होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है।