एन आई एन,
पिथौरागढ़। धारचूला विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में गंभीर रूप से बीमार चार लोगों को जिला प्रशासन की पहल पर हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। सुवा गांव की 52 वर्षीय कलावती देवी को धारचूला पहुंचाया गया, जबकि बूंदी गांव निवासी 61 वर्षीय पैरालाइसिस पीड़ित शंकर रायपा को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल लाया गया।
कुरीला निवासी सुशीला देवी और मनमती देवी को भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के चलते जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एडीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि आपदा काल में प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों में गंभीर मरीजों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही गर्भवती महिलाओं को भी चिन्हित किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।