एन आई एन,

पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ की मुनस्यारी और धारचूला तहसीलों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 1 सितंबर से जनगणना का कार्य शुरू हो गया है। बर्फ से ढके इन दुर्गम क्षेत्रों में प्रगणक दल 30 सितंबर तक घर-घर जाकर परिवारों एवं व्यक्तियों की जानकारी दर्ज करेंगे।

अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि दारमा और व्यांस घाटी में लगभग 650 लोगों पर एक प्रगणक की तैनाती की गई है। प्रगणक दल जोहार, दारमा और व्यांस घाटियों के गांवों में पहुंचकर जनगणना करेंगे। वर्तमान में कई ग्रामीण अपने उच्च हिमालयी गांवों में ही रह रहे हैं, जिससे प्रत्येक परिवार का विवरण मौके पर दर्ज किया जाएगा। जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से 40 से अधिक प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें परिवार, व्यवसाय, शिक्षा, महिलाओं की प्रजनन स्थिति, आवास एवं रहन-सहन तथा जाति और अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित जानकारी शामिल होगी।

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि तीनों उच्च हिमालयी घाटियों के कुल 35 गांवों में जनगणना के लिए टीमों का गठन कर तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दुर्गम और बर्फीले क्षेत्रों में जनगणना का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा।



Share on Facebook Share on WhatsApp