एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले का शिक्षा महकमा उल्टी गंगा बहाने में लगा हुआ है। पहले राजकीय इंटर कॉलेज बांस बगड़ से बड़ी संख्या में शिक्षकों के तबादले कर दिए। शिक्षा व्यवस्था चौपट होने लगी तो जनप्रतिनिधि और अभिभावक भड़क उठे। आक्रोश को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय रूमी डोला में तैनात एक प्राइमरी शिक्षक को इंटर कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया है।
उन्हें तत्काल कार्यभार ग्रहण कर पढ़ाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यवस्था पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में मनमाने ढंग से स्थानांतरण हो रहे हैं। प्राथमिक शिक्षा के शिक्षकों को इंटर कॉलेज में स्थानांतरित किया जा रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की मांग उठाई है। इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी को फोन किया गया उन्होंने बैठक में होने का हवाला देते हुए बाद में बात करने को कहा।
इधर जिला शिक्षा अधिकारी तरुण पंत ने बताया छात्रों के भविष्य को देखते हुए विज्ञान के शिक्षक का स्थानांतरण किया गया था परंतु उन्होंने ज्वाइन करने से मना कर दिया इसलिए स्थानांतरण रद्द कर दिया गया।