एन आई एन,
पिथौरागढ़। नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यातायात निरीक्षक मोहम्मद यूनिस ने कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करना अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही जाम की समस्या को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
टीआई मोहम्मद यूनिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने से न केवल चालक की बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। ऐसे मामलों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले प्रमुख कारणों में सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करना भी शामिल है। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।