एन आई एन,
पिथौरागढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने स्कूल बसों का चेकिंग अभियान चलाया। दयासागर इंटर कॉलेज और मिशन इंटर कॉलेज में बसों का निरीक्षण कर चालकों एवं विद्यालय प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को नहीं बैठाया जाए। चालकों को वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने और बसों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान विद्यार्थियों को भी यातायात नियमों, हेलमेट, सीट बेल्ट के महत्व और सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों की जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।