एन आई एन,
पिथौरागढ़। साइबर फ्रॉड को लेकर पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई की। साइबर ठगों के नेटवर्क का पता लगाते हुए पुलिस ने ठगी में प्रयोग हो रहे 91 संदिग्ध मोबाइल नंबर और 153 आईएमईआई नंबरों को ब्लॉक करा दिया है।
साइबर सेल प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि अपराधों की जांच और तकनीकी विश्लेषण में इन मोबाइल नंबर का पता लगा था, जिनका उपयोग साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराध में हो रहा था। उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई, पिन, बैंक खाता विवरण, एटीएम क्रेडिट कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करने की अपील की है। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने का अनुरोध उन्होंने किया है।