एन आई एन,
पिथौरागढ़। मूनाकोट ब्लॉक के बड़ालू स्थित कैलपाल मंदिर के पास सोमवार को गुलदार का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शव देखकर स्थानीय लोग भयभीत हो गए और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
स्थानीय समाजसेवी अनिल चंद ने बताया कि गुलदार काफी बुजुर्ग प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
वन रेंजर दिनेश जोशी ने बताया कि मृत गुलदार की उम्र करीब 10 वर्ष आंकी गई है। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में मिला है। फिलहाल गुलदार की मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।