एन आई एन,
पिथौरागढ़। मदकोट क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा और भूस्खलन से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शुक्रवार रात 21 अगस्त को हुए भूस्खलन की चपेट में आने से लुमती-घरड़ी में गोरी नदी पर बनी एकमात्र ट्रॉली (गरारी) का घरड़ी की ओर का एबटमेंट, लोहे की सीढ़ियां और पहुंच मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इससे ग्रामीणों का मुख्य मार्ग, तहसील और बाजार से संपर्क प्रभावित हो गया है।

ट्रॉली के क्षतिग्रस्त होने से 50 से 60 स्कूली बच्चों की आवाजाही भी ठप हो गई है। बच्चे प्रतिदिन इसी ट्रॉली से नदी पार कर बगीचा बगड़ इंटर कॉलेज, बरम इंटर कॉलेज और मवानी दवाणी इंटर कॉलेज जाते हैं। इसके अलावा सैकड़ों ग्रामीण भी इसी रास्ते से बाजार और तहसील पहुंचते हैं।
ट्रॉली के ऊपर और नीचे दोनों तरफ बरसाती नाले उफान पर होने से फिलहाल कोई वैकल्पिक रास्ता भी उपलब्ध नहीं है। भाजपा मदकोट मंडल अध्यक्ष भगत सिंह मेहरा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार बंगापानी को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने लोनिवि अस्कोट के माध्यम से ट्रॉली, लोहे की सीढ़ियों और एबटमेंट की तत्काल मरम्मत तथा सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतियां जिलाधिकारी पिथौरागढ़, उपजिलाधिकारी धारचूला और लोनिवि अस्कोट को भी भेजी गई हैं।