एन आई एन,
पिथौरागढ़। त्योहारों से पहले चीनी के बढ़ते दामों को लेकर युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेन्द्र महर ने कहा कि 2014 से पहले महंगाई को लेकर भाजपा सवाल उठाती थी, लेकिन आज वही महंगाई उसके लिए मानो ‘डार्लिंग’ बन गई है।
उन्होंने कहा कि चीनी के दाम 45 रुपये से बढ़कर करीब 70 रुपये किलो पहुंचने से आम आदमी पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। महर ने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, दूध, तेल, घी, सब्जी और फलों के दाम पहले ही बढ़े हुए हैं। महर ने ई-20 पेट्रोल और इथेनॉल उत्पादन में गन्ने के इस्तेमाल को चीनी की कीमतों में वृद्धि से जोड़ते हुए सरकार को घेरा। महर ने सरकार से चीनी के दाम तत्काल कम करने या सब्सिडी देकर सस्ती चीनी उपलब्ध कराने की मांग की और राहत न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।