एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान चलाया।
एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान में दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, बीमा, कर और चालक लाइसेंस की जांच की गई।
नियमों के उल्लंघन पर 43 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं में 7 वाहन सीज किए गए। रात्रि जांच में ओवरलोडिंग, बिना परमिट-फिटनेस, दस्तावेजों की कमी और नशे में वाहन चलाने पर विशेष निगरानी रखी गई। एआरटीओ ने वाहन चालकों से गति सीमा का पालन करने और सभी जरूरी दस्तावेज वैध रखने की अपील की। परिवहन विभाग ने विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता केंद्र बनाने का कार्य भी शुरू किया है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि दिन-रात जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।