एन आई एन,

पिथौरागढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा उत्कृष्ट सेवा और उल्लेखनीय कार्य के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष पिथौरागढ़ जनपद के कई पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) सेवा के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ गोविंद बल्लभ जोशी को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा अपर उप निरीक्षक रमेश सिंह ढेक को भी इसी श्रेणी में सम्मान के लिए चुना गया है।

वहीं विशिष्ट कार्य के लिए प्रदान किए जाने वाले पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) में मुख्य आरक्षी सुरेन्द्र प्रसाद (कोर्ट पैरोकार), मुख्य आरक्षी सुनील कुमार तथा आरक्षी महेंद्र सिंह का चयन हुआ है।

उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों का सम्मान अन्य जवानों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस बल भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा करता रहेगा।

पिथौरागढ़ पुलिस के लिए यह सम्मान गौरव का विषय माना जा रहा है। विशेष रूप से पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी को उत्कृष्ट सेवा के लिए मिलने वाला डीजीपी प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि है।



Share on Facebook Share on WhatsApp