एन आई एन,
पिथौरागढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में शुक्रवार को जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी की अध्यक्षता में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में भारत विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लाखों लोगों और अपने घर-बार से विस्थापित हुए करोड़ों नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रभारी मंत्री रेखा आर्या रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विभाजन का दंश झेल चुके प्रतिष्ठित व्यापारी एवं वयोवृद्ध अमरनाथ भसीन ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभाजन की पीड़ा और उस दौर की आपबीती सुनाई।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री श्रीमती दीपिका बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगत सिंह खाती, कार्यक्रम के जिला संयोजक कोमल मेहता सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री दिवाकर जोशी एवं इंद्र लुंठी ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस दौरान लाखों लोगों ने अपनी जान गंवाई और करोड़ों लोग बेघर हुए। कार्यक्रम में सभी ने विभाजन की विभीषिका झेलने वाले लोगों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।