एन आई एन,

पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रही एक कार मंगलवार को  बनलेख वन चौकी के निकट अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। घायलों की चीख-पुकार मच गई। सूचना पर कोतवाली चंपावत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी को खाई से निकाला लिया गया। तब तक कार में सवार बांस मेतोली पिथौरागढ़ निवासी 32 वर्षीय नरेंद्र राम पुत्र हेम राम की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा चालक 26 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र जगदीश राम, 63 वर्षीय जमन राम पुत्र लक्ष्मण राम, 60 वर्षीय हरि राम पुत्र दानी राम घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को एबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया। जिला अस्पताल के पीएमएस हीरा सिंह ह्यांकी ने बताया कि अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चालक रोहित कुमार और जमन राम को डिस्चार्ज कर दिया। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल हरि राम पुत्र दानी राम को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार वाहन में सवार लोग खटीमा अंतिम संस्कार मे गए थे, सम्भवतया वापसी में वाहन चालक को नींद आने के कारण यह दुर्घटना हुई।



Share on Facebook Share on WhatsApp