एन आई एन,
पिथौरागढ़। ज़िले में धारचूला तहसील के ग्राम सभा किमखोला के कैना तोक मोड़ के नीचे जाने वाला पैदल संपर्क मार्ग भारी बारिश के बाद आए मलबे की चपेट में आने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। बीते दिन हुई भारी बारिश के बाद मलबा नीचे आ गया, जिससे गांव का पैदल संपर्क मार्ग, सिंचाई गुल और पानी की पाइपलाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल भी मलबे की चपेट में आने से टूट गया है, जिससे ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख रास्ता प्रभावित हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, अभी भी पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अस्थिर होकर अटका हुआ है, जिससे कभी भी मलबा खिसकने और बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। लगातार बारिश के बीच स्थिति और गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों ने मौके का निरीक्षण कर, खतरे वाले क्षेत्र में सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने तथा क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग, टूटे पुल, सिंचाई गुल और पेयजल पाइपलाइन को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।