एन आई एन,
पिथौरागढ़। पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का सफल खुलासा करते हुए टेलीग्राम पर निवेश के नाम पर लगभग 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 21 दिसम्बर 2025 को थाना जाजरदेवल में एक व्यक्ति द्वारा तहरीर दी गई कि उसने टेलीग्राम पर एक ऐसी निवेश योजना देखी, जिसमें कम समय में धनराशि को दोगुना से अधिक करने का दावा किया जा रहा था। अधिक लाभ के लालच में आकर उसने बिना सत्यापन किए विभिन्न किस्तों में कुल 18,96,866 रुपये उक्त स्कीम में निवेश कर दिए। बाद में जब उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगों के जाल में फंस चुका है, तब तक उसके लाखों रुपये ठगे जा चुके थे।
विवेचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान योगेश उत्तम पांचाल, निवासी ग्राम पैदा गुला बड़ा धुला, थाना झुक्कल, तेलंगाना के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सर्विलांस एवं तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने सूझबूझ, सतर्कता और प्रभावी रणनीति का परिचय देते हुए उसे हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया।