एन आई एन,
पिथौरागढ़। कड़ी मेहनत कर खुद के साथ अन्य महिलाओं को भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने वाली बालाकोट गांव की कलावती देवी को सरकार ने तीलू रौतेली पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। बेहद विषम परिस्थितियों में कलावती देवी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी, बाद में उन्होंने महिलाओं को जोड़कर क्लस्टर तैयार किया। उन्होंने जैविक खेती और डेयरी के क्षेत्र में बेहद महत्वपूर्ण कार्य करते हुए अपने परिवार की आय बढाने के साथ अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से जोड़ा।
जैविक खेती के लिए उन्होंने वर्मी कंपोस्ट तकनीक को अपनाया। अपने साथ-साथ समाज के लिए कुछ बेहतरीन करने वाली कलावती देवी को इस वर्ष तीलू रौतेली पुरस्कार दिया जाएगा। अमन फाउंडेशन के अमन खड़ायत सहित तमाम लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी है। इस वर्ष जिले के कनालीछीना विकासखंड की सुनीता बसेड़ा और डीडीहाट विकासखंड की गंगा कार्की को आंगनबाड़ी पुरस्कार के लिए चुना गया है।