एन आई एन,

पिथौरागढ़। जिले में गुलदार की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। कुमोड़ क्षेत्र में कल ही एक गुलदार पिंजरे में फंसा था, वहीं आज सुबह करीब 11 बजे एक और गुलदार दिनदहाड़े दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार थारकोट स्थित मानस कॉलेज के ठीक सामने झाड़ियों के बीच गुलदार दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने गुलदार को कुछ देर तक इलाके में घूमते हुए देखा, जिसके बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।

गुलदार के रिहायशी क्षेत्र के इतने करीब दिखाई देने से लोगों ने थारकोट, कुमोड़ एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों का कहना है कि बच्चों को अकेले बाहर न भेजा जाए और सुबह-शाम जंगल या सुनसान क्षेत्रों में जाने से बचें।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। फिलहाल वन विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।



Share on Facebook Share on WhatsApp