एन आई एन,
पिथौरागढ़। नगर के जाखनी तिराहे से 50 मीटर आगे आज सुबह 5:30 बजे एक गुलदार सड़क पर दौड़ लगाता दिखा। पास के एक भवन में लगे सीसीटीवी में गुलदार दिखाई दिया है। क्षेत्र वासियों ने बताया कि उस वक्त सड़क पर कोई मौजूद नहीं था, जबकि सुबह कई लोग मॉर्निंग वॉक के लिए जाते हैं। बच्चे ट्यूशन आदि के लिए निकलते हैं और कई वाहन भी यहां से आवागमन करते हैं।
गुलदार दिखाई देने से लोग दहशत में हैं। रेंजर दिनेश जोशी ने बताया कि क्षेत्र में गश्त कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं जाखनी क्षेत्र में गुलदार की सूचना मिलने पर वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया दल ने मौके पर पहुंचकर सघन गश्त की। टीम ने संभावित स्थानों पर गुलदार की तलाश की और उसे आबादी क्षेत्र से दूर रखने के लिए पटाखे भी फोड़े।
वन कर्मियों ने मेगाफोन के माध्यम से ग्रामीणों को सतर्क रहने, बच्चों व पशुओं पर विशेष निगरानी रखने तथा अकेले जंगल या झाड़ियों की ओर न जाने की अपील की।