गुरना अस्पताल में डॉक्टर न मिलने पर धरना प्रदर्शन

एन आई एन,

पिथौरागढ़। में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरना क्षेत्र में देर शाम एक कथित नशे में धुत कैंटर चालक ने बाइक सवार और एक पैदल राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए गुरना अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं मिलने पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार घिंगरानी निवासी पारस मेहता अपनी बाइक से घिंगरानी से पिथौरागढ़ की ओर आ रहे थे, जबकि गुरना निवासी अमित तिवारी सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान ग्यारह देवी के आसपास एक कैंटर ने दोनों को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए।

घटना के बाद दोनों घायलों को गुरना अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। इससे नाराज क्षेत्रीय लोगों ने राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र भट्ट के नेतृत्व में अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन किया। वहां उमेश तिवारी, पूर्व प्रधान दीवान सिंह सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

राजेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित गुरना अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती की मांग पहले भी कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं और आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार नहीं मिल पाने से लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

बाद में दोनों घायलों को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया। उधर सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरना के पास कैंटर चालक को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक शराब के नशे में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Share on Facebook Share on WhatsApp