एन आई एन,
चंपावत। जिले के सुखीढांग के पास शनिवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई, जिससे उस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार 25 जुलाई को दुर्घटना की सूचना मिलने पर चौकी से हेड कांस्टेबल ध्यान सिंह और कांस्टेबल चंद्र सावंत सरकारी वाहन से मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि बाइक संख्या UK06 BP 7298 पर सवार तीन युवक सुखीडांग से टनकपुर की ओर जा रहे थे। सुखीडांग बाजार से करीब 100 मीटर आगे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई।
स्थानीय लोगों और सूचना देने वाले राहगीर ने तीनों घायलों को तत्काल अपने वाहन से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी में खड़ा कर दिया है।
घायलों की पहचान 22 वर्षीय जतिन 17 वर्षीय आयुष कुमार और 20 वर्षीय आकाश कुमार सभी निवासी चंदनी, थाना बनबसा, जिला चंपावत के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।