एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाएं बुरी तरह चरमरा गई हैं।सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी ने इसके खिलाफ आवाज उठाई है। शनिवार को अध्यक्ष दयानंद भट्ट की अगुवाई में अस्पताल पहुंचे बुजुर्गों ने पीएमएस के समक्ष समस्या रखते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय के कुछ चिकित्सक 11:30 बजे तक भी अपने कक्ष में नहीं बैठ रहे हैं। मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
संगठन सदस्यों ने कहा कि जिला चिकित्सालय के कक्षों में क्रमांक क्रम से नहीं लिखे गए हैं जिससे लोगों को कक्ष ढूंढने में खासी दिक्कत हो रही है। सदस्यों ने कहा कि हेल्प डेस्क को 24 घंटे सुचारु रखा जाए और हेल्प डेस्क के माध्यम से चिकित्सक तक जाने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाए। पीएमएस से मिलने वालों में गोविंद बल्लभ उपाध्याय, चंद्रशेखर महर, धनीराम चन्याल , पीतांबर अवस्थी, रमेश सिंह बिष्ट, किशन सिंह भाटिया आदि शामिल रहे।