जिला प्रशासन ने बताया भ्रामक, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
एन आई एन,
पिथौरागढ़। सोशल मीडिया पर 24 जुलाई 2026 को जनपद पिथौरागढ़ के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किए जाने का एक आदेश तेजी से वायरल हो रहा है। जिला प्रशासन ने इस आदेश को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है।

प्रशासन के अनुसार, वायरल आदेश जिला प्रशासन की ओर से जारी नहीं किया गया है। इस तरह की झूठी सूचना फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिसने भी यह फर्जी आदेश तैयार किया, प्रसारित किया या सोशल मीडिया पर साझा किया है, उसकी पहचान की जा रही है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आदेश या सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी पुष्टि जिला प्रशासन के आधिकारिक माध्यमों और आधिकारिक मीडिया चैनल से अवश्य करें और भ्रामक या अपुष्ट संदेशों को आगे साझा न करें।