एन आई एन,
खटीमा। खटीमा क्षेत्र के सुनपहर गांव में गुरुवार को पीछे से हुई टक्कर में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार सुनपहर निवासी गुरदेव सिंह (55) पुत्र दर्शन सिंह अपने साथी इंद्रजीत सिंह (53) के साथ बाइक से मझोला गए थे। लौटते समय सुनपहर गांव के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गुरदेव सिंह और इंद्रजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में गुरदेव सिंह ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को उप जिला चिकित्सालय ले गए, जहां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार गुरदेव सिंह खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।
वहीं दूसरी बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पीछे बैठी युवती को मामूली चोटें आईं। घायल युवक का हायर सेंटर में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।