एन आई एन,
पिथौरागढ़। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 20 जुलाई के लिए जारी भारी वर्षा, आकाशीय बिजली एवं खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा जारी आदेश के अनुसार सोमवार, 20 जुलाई को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।