एन आई एन,
पिथौरागढ़। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग तवाघाट -लिपुलेख मार्ग पर गर्बाधार के पास चटटान खिसकने से बंद मार्ग नहीं खुलने से फंसे व्यास घाटी से धारचूला आ रहे लोगों ने आज ही मार्ग खाेलने की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया है। लोगों का कहना है कि बीआरओ जब तक मार्ग नहीं खोलेगा तब तक वह जाम भी नहीं खोलेंगे। बीआरओ पर मार्ग खोलने में लेट लतीफी का आरोप लगाया है।
शनिवार को लिपुलेख मार्ग पर गर्बाधार से लगभग दो किमी दूर विशाल चटटान टूटने से मार्ग बंद हो गया है। मार्ग बंद हाेने से उच्च हिमालयी गांव गुंजी सहित अन्य स्थानाें से धारचूला आ रहे सौ के आसपास वाहन फंसें हैं। धारचूला से गुंजी जा रहे वाहन तो धारचूला वापस लौट चुके हैं परंतु बूंदी की तरफ फंसे वाहन मार्ग खुलने की आस में वहीं पर बने रहे । दिन मे बीआरओ के ओसी के पहुंचने के बाद मार्ग खुलने की आस जगी रही परंतु सायं तक मार्ग नही खुला। मार्ग नहीं खुलने से नाराज लोगों ने अपने वाहनों काे सड़क पर आडे खड़े कर जाम लगा दिया है। बताते चलें कि कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग आज सुबह भारी मलवा आने से बंद है जिस कारण चौथे दल के यात्रियों को धारचूला में ही रोका गया है।