एन आई एन,

पिथौरागढ़। वन विभाग जल्द चलाएगा पकड़ने का अभियान

 

जिले के बेरीनाग क्षेत्र में लंगूरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के हमलों से ग्रामीण दहशत में हैं। लोगों को घायल करने के साथ ही बंदर  घरों और दुकानों में नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी संख्या में बंदर भी गलियों, बाजार और मकानों की छतों पर घूमते रहते हैं। बच्चे और अन्य लोग जब दुकानों से सामान लेकर घर लौटते हैं तो बंदर उन पर हमला कर सामान छीन लेते हैं। विरोध करने पर कई लोगों को काटकर घायल भी कर चुके हैं। इसके अलावा बंदर घरों में घुसकर घरेलू सामान तोड़ देते हैं, छतों पर सूख रहे कपड़े फाड़ देते हैं और कई बार सामान लेकर भाग जाते हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

 

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक बंदरों को पकड़ने की कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से जल्द अभियान चलाकर बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़े जाने की मांग की है।

 

इस संबंध में बेरीनाग के रेंजर चंदा मेहरा ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है और अनुमति मिलने के बाद कार्रवाई शुरू कर लोगों को बंदरों के आतंक से निजात दिलाई जाएगी।



Share on Facebook Share on WhatsApp