एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले के ए श्रेणी के पंजीकृत ठेकेदार खुशाल सिंह पिपलिया ने दो लोगों पर ठेका दिलाने के नाम पर 12.50 लाख की ठगी का आरोप लगाया है। उन्होंने न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि जनवरी 2022 में देहरादून में उनकी मुलाकात देवेंद्र नेगी नाम के व्यक्ति से हुई थी। आरोप है कि देवेंद्र नेगी ने उन्हें बताया कि उसका परिचित भूपेंद्र सिंह नेताओं से संपर्क रखता है और वह रोड सेफ्टी से संबंधित निविदा उन्हें दिलवा सकता है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि टेंडर दिलाने के नाम पर उनसे 12.50 लाख रुपये टोकन मनी के रूप में मांगे गए। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तिथियों में संबंधित व्यक्ति के खाते और गूगल-पे नंबर पर 12.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम लेने के बाद भी उन्हें कोई टेंडर नहीं मिला। जब उन्होंने अपनी धनराशि वापस मांगी तो दोनों आरोपी टालमटोल करते रहे। इसके बाद उन्होंने मई 2025 में कोतवाली पिथौरागढ़ और जून 2025 में एसपी कार्यालय में शिकायत दी। मामले की जांच पुलिस कार्यालय की फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट की ओर से भी की गई थी। आरोप है कि जांच के दौरान भूपेंद्र सिंह ने व्हाट्सएप के माध्यम से धनराशि वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद भी रकम वापस नहीं की गई। न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल ललित मोहन जोशी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।