एन आई एन,
पिथौरागढ़। इंडोनेशिया के जकार्ता शहर में आयोजित अंडर- 23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जिले की निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने रजत पदक जीता है। दोनों बाक्सरों की शानदार उपलब्धि से सीमांत जिले में खुशी की लहर है।
03 जुलाई से 15 जुलाई तक खेली गई इस प्रतियोगिता के 60 किलो भार वर्ग में निकिता चंद को फाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान की खिलाड़ी से पराजय का सामना करना पड़ा। उन्हें रजत पदक मिला।

फाइनल मुकाबले में काजल फर्सवाण भी उज्बेकिस्तान की खिलाड़ी से ही पराजित हुई। दोनों खिलाड़ियों के अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने पर जिले के तमाम खेल संघ और खिलाड़ियों ने महिला बाक्सरों को शुभकामनाएं दी हैं। जिला खेल अधिकारी अनूप बिष्ट ने कहा कि जिले की बेटियां अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतकर जिले राज्य और राष्ट्र को गौरवान्वित कर रही है। दोनों खिलाड़ियों का पिथौरागढ़ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया।