एन आई एन,

पिथौरागढ़। हरेला सप्ताह के अवसर पर 130 इन्फैंट्री बटालियन जिले में वृहद वृक्षारोपण अभियान चला रही है। 10 से 16 जुलाई तक चलने वाले अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 70 हजार पौधे फलदार और स्थानीय प्रजाति के लगाए जा रहे हैं,

बटालियन जिले के बनानी, गुनसेरा (चंडाक), अगनिया (बुंगाछीना), सुवाकोट (वड्डा) समेत कई क्षेत्रों में स्थानीय ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों, वन विभाग और  प्रशासन के सहयोग से पौधरोपण कर रही है। अभियान के दौरान आम, अनार, अमरूद, लीची, नींबू, बाँज, मणिपुरी बाँज, चिनार, देवदार, सुरई और कचनार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे जा रहे हैं।

कर्नल गौरव नेगी ने बताया कि यह अभियान वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 8 लाख पौधों के वार्षिक लक्ष्य से अतिरिक्त स्वैच्छिक पहल के रूप में चलाया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

हरेला सप्ताह का समापन गुरुवार को चंडाक स्थित वरदायिनी ईको पार्क में राज्य वन विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या होंगी। इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक मीनाक्षी जोशी, महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई,  मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोड़े, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहेंगे।

इस दौरान सभी लोग पेड़ लगाने, पेड़ों का दोहन न करने व पेड़ों की वृद्धि तक उनकी देखभाल करने का संकल्प भी लेंगे।



Share on Facebook Share on WhatsApp