एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में अब भारतीय संविधान की उद्देशिका पढ़ी जाएगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत ने आज सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक को इसके निर्देश जारी कर दिए। उत्तराखंड अनुसूचित जाति जनजाति शिक्षक संगठन के अध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की और पिछले माह निदेशक उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा द्वारा राज्य के लिए जारी निर्गत आदेश से उन्हें अवगत कराया।
संगठन ने विभागीय बैठक कार्यक्रमों में एसोसिएशन को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने, नवाचार कार्यक्रमों में आरक्षित वर्ग के शिक्षकों को समान अवसर देने, जाति एवं लिंग आधारित भेदभाव रोकने के लिए विद्यालय ब्लॉक जनपद में समितियों का गठन करने की मांग भी रखी। संगठन ने कहा है कि नए बिंदुओं पर ढुलमुल रवैया अपनाने पर शिक्षक संगठन की टीम मुख्य शिक्षा अधिकारी को अवगत कराएगी। शिक्षक संगठन के महामंत्री बी आर कोहली ने बताया कि संगठन ने राइंका नाचनी के 3 वर्ष से अधिक समय से प्रतिक्षित चार शिक्षकों के उपार्जित अवकाश भी स्वीकृत कराए गए हैं।