एन आई एन,

पिथौरागढ़। शहर की पवन विहार कॉलोनी में लंबे समय से गुलदार अपने शावकों के साथ घूमता दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि कई लोगों ने शाम के बाद घरों से निकलना तक कम कर दिया है। दो दिन पहले गुलदार एक पालतू कुत्ते को भी उठा ले गया था, जिसके बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई। इसी के मद्देनज़र सोमवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी राज कुमार ने क्विक रिस्पॉन्स टीम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। 

उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर गुलदार की गतिविधियों की जानकारी ली और वन्यजीव से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया।

वन विभाग ने गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में ट्रैप कैमरे भी लगाए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, बच्चों को अकेले न भेजें और गुलदार दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द सुरक्षित रेस्क्यू कर आबादी से दूर भेजने की मांग की है, ताकि लोगों में व्याप्त भय का माहौल समाप्त हो सके। टीम में रेंजर दिनेश जोशी सहित तमाम वन विभाग कर्मी मौजूद रहे।



Share on Facebook Share on WhatsApp