एन आई एन,
पिथौरागढ़। ग्राम पंचायत खुमती की निवासी लीला देवी, पत्नी स्वर्गीय नर सिंह को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत ₹2 लाख की बीमा राशि प्राप्त हुई है। इस सहायता से आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को बड़ी राहत मिली है।
पूर्व ग्राम प्रधान गोपाल सिंह ने बताया कि स्वर्गीय नर सिंह अंत्योदय परिवार के मुखिया थे। उनका ग्रामीण बैंक की धारचूला शाखा में खाता था और उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में पंजीकरण कराया था। इसके तहत वे प्रतिवर्ष मात्र ₹436 का प्रीमियम जमा करते थे।
उन्होंने बताया कि मार्च 2026 में नर सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। परिवार में पत्नी और एक पुत्र पर आर्थिक संकट गहरा गया था। योजना के तहत बीमा दावा स्वीकृत होने के बाद ₹2 लाख की राशि लीला देवी के खाते में जमा कर दी गई, जिससे परिवार को कठिन समय में आर्थिक संबल मिला।
पूर्व ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने और अधिक से अधिक लोगों को इसमें पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मामूली वार्षिक प्रीमियम से जरूरत के समय परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता मिल सकती है।