30 प्रतिभागी अगले दौर के लिए चयनित

एन आई एन,

खटीमा। जासेस क्लब द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम "स्वर समर्पण – सुरों की कोकिला" के प्रथम चरण का ऑडिशन रविवार को होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, कंजाबाग, खटीमा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ऑडिशन में बच्चों से लेकर युवा, मध्यम आयु वर्ग और वरिष्ठ नागरिकों तक सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतिभागियों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों और बेहतरीन गायन प्रतिभा से निर्णायक मंडल और उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान संगीत के प्रति प्रतिभागियों का समर्पण और उत्साह देखने लायक रहा।

निर्णायकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 30 प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्य असलम कोहरा एवं श्रीमती रंजीत साहमे ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर संगीत साधना के लिए प्रेरित किया तथा चयनित प्रतिभागियों को अगले दौर के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन पर क्लब के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत लोहानी, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता तथा सचिव रितु जोशी ने निर्णायक मंडल और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी आयु वर्ग के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया। क्लब भविष्य में भी स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।



Share on Facebook Share on WhatsApp