एन आई एन,
पिथौरागढ़। यूपीसीएल के नव नियुक्त प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के पहली बार सीमांत जिले पिथौरागढ़ पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ पहुंचे निदेशक तकनीकी संजय कुमार टम्टा का भी स्वागत किया गया।
रविवार को मुख्य अभियंता वितरण एनएस टोलिया, एसई विद्युत द्वितीय कार्यखंड हल्द्वानी अमित कटारिया, अधीक्षण अभियंता पिथौरागढ़ डीएस बिष्ट, ईई डीके जोशी, डीडी पांगती, नितिन सिंह गर्खाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वागत किया। ऊर्जा कामगार संगठन और विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन इंटक के पदाधिकारियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कहा कि प्रदेश में विद्युत सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता केंद्रित बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर को लेकर कोई संदेह है तो वह कुछ समय तक पुराने और स्मार्ट मीटर की रीडिंग की स्वयं तुलना कर सकता है। इससे उपभोक्ताओं को इसकी पारदर्शिता और सटीकता का अनुभव होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करें और गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता बनाएं। साथ ही बिलिंग एफिशिएंसी और कलेक्शन एफिशिएंसी को शत-प्रतिशत लागू करने पर भी जोर दिया।