धारचूला में कुमाऊं स्काउट में था तैनात

एन आई एन,

पिथौरागढ़। जिले के धारचूला स्थित कुमाऊं स्काउट में तैनात 24 वर्षीय जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सेना और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान के सिर में गोली लगने से मौत हुई है। हालांकि यह गोली कैसे चली और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

मूल रूप से मूनाकोट ब्लॉक के हल्दू गांव निवासी 24 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र धनी राम कुमाऊं स्काउट की धारचूला में तैनात थे। शनिवार को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद जवान के शव को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ लाया गया, जहां दो चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला गन शॉट का माना जा रहा है और सिर में गोली लगने की पुष्टि प्रारंभिक जांच में सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत को माना है।

पुलिस उपाधीक्षक जीबी जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गन शॉट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

घटना के बाद धारचूला क्षेत्र के अधिकारियों ने मामले में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की। कई अधिकारियों ने दिनभर मीडिया प्रतिनिधियों के फोन भी रिसीव नहीं किए, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

जवान की असामयिक मौत की खबर से उनके गांव हल्दू और परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस का कहना है कि यदि यह आत्मघाती कदम है तो इसके पीछे की वजह का भी गहनता से पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। मृतक का परिवार इस समय वड्डा क्षेत्र में रहता है, मृतक के परिवार में बड़ी बहन, बड़ा भाई, माता-पिता व पत्नी है।



Share on Facebook Share on WhatsApp