एसडीएम का बड़ा एक्शन, आरोपी पर होगी सख्त कार्रवाई
एन आई एन,
पिथौरागढ़। शुक्रवार को खराब मौसम के बीच स्कूलों के संबंध में एसडीएम सदर के नाम से सोशल मीडिया पर एक कथित आदेश तेजी से वायरल हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने स्पष्ट किया कि यह आदेश उनके कार्यालय से जारी नहीं किया गया है और पूरी तरह फर्जी है।
उन्होंने कहा कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर मौसम की स्थिति का फायदा उठाकर लोगों में भ्रम फैलाने के उद्देश्य से यह फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित किया है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसे किसी भी अपुष्ट आदेश पर विश्वास न करें और केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश जो रजिस्टर्ड मीडिया के माध्यम से प्रसारित हो उनको ही मानें।
एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने बताया कि फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी आदेश को बिना सत्यापन के आगे साझा न करें, ताकि अफवाहों और भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।