एन आई एन,
पिथौरागढ़। नाचनी क्षेत्र के होकरा निवासी पुष्कर सिंह से साइबर ठगों ने 10 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर 1.59 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित के अनुसार 2 और 3 जुलाई को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को गरीबों की मदद करने वाला बताते हुए बैंक खाता, व्हाट्सएप और गूगल पे की जानकारी मांगी। इसके बाद व्हाट्सएप पर 10 लाख रुपये का फर्जी चेक भेजकर जीएसटी के नाम पर पैसे जमा कराने को कहा। झांसे में आकर पीड़ित ने चार किश्तों में 1,59,100 रुपये गूगल पे के माध्यम से भेज दिए।
बाद में ठग ने 4 हजार रुपये और मांगे, जिससे पीड़ित को शक हुआ और उसने भुगतान रोक दिया। इसके बाद पीड़ित ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल और नाचनी थाने में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई एवं रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।