एन आई एन,

पिथौरागढ़। जिले में कोरोना काल के बाद दोबारा शुरू हुए भारत चीन व्यापार पर फिलहाल फिर ब्रेक लग गया है। भारतीय व्यापारी अपना सामान लेकर गुंजी पहुंच चुके हैं। इस बीच तकलाकोट में चीन के अधिकारियों ने धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी को मेल भेजा है जिसमें कहा गया है कि अभी तक तकलाकोट में भारतीय व्यापारियों के लिए दुकानें और गोदाम तैयार नहीं हुए हैं। जिनका कार्य अंतिम चरण में है जो 8 जुलाई तक पूरा हो जाएगा।

व्यापार कब से शुरू होगा इसको लेकर मेल में कोई जिक्र नहीं किया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से भारतीय व्यापारी खासे परेशान हैं। लंबे समय से भारतीय व्यापारी व्यापार की तैयारी में जुटे थे। अपना सामान एकत्र कर भारतीय व्यापारियों ने गुंजी तक पहुंचा दिया था। कल भारतीय व्यापारियों के कस्टम क्लीयरेंस के बाद भारतीय सीमा पार कर तकलाकोट पहुंच जाने की उम्मीद थी। अब भारतीय व्यापारियों को इंतजार करना पड़ेगा। व्यापार दुकानों और गोदामों के तैयार न होने के कारण बंद हुआ है या कोई अन्य कारण इसको लेकर कई तरह की अफवाह चल रही है।



Share on Facebook Share on WhatsApp