एन आई एन,
पिथौरागढ़। नाचनी क्षेत्र की एक महिला इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठग ने खुद को लंदन निवासी बताकर महंगा उपहार भेजने का झांसा दिया और महिला से 1.12 लाख रुपये ठग लिए। समकोट निवासी जानकी बसेड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति से उनकी दोस्ती हुई थी। आरोपी ने खुद को लंदन में रहने वाला बताते हुए विदेश से महंगा गिफ्ट भेजने की बात कही। बाद में महिला को बताया गया कि गिफ्ट दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने रोक लिया है और उसे छुड़ाने के लिए शुल्क जमा करना होगा।
झांसे में आकर महिला ने 16 और 17 फरवरी 2026 के बीच एसबीआई नाचनी शाखा के अपने खाते से फोन-पे के माध्यम से कुल 1.12 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के बाद भी गिफ्ट नहीं मिला और आरोपी से संपर्क टूट गया। इसके बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ।
पीड़िता की शिकायत पर थाना नाचनी पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहने और किसी भी लालच में आकर धनराशि ट्रांसफर न करने की अपील की है।