एन आई एन,
पिथौरागढ़। धारचूला नगर के खोतिला व्यास नगर में नलों में पानी नहीं आने से गुस्साए लोगों ने आज तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने जल निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। बरसात में लोग प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी जुटा रहे हैं। वार्ड की महिलाएं 2 घंटे तक तहसील परिसर में डटी रही। जल निगम के सहायक अभियंता राजेंद्र सिंह ने बताया कि पाइपलाइन फट गई है।

नये पाइप मंगाये गए हैं। पाइप बदलकर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किये जा रहे हैं। भाजपा उपाध्यक्ष राजेंद्र नेगी ने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी। वार्ड के लोगों ने कहा कि पेयजल समस्या और वार्ड को जोड़ने वाली सड़क की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।