एन आई एन,
पिथौरागढ़। मूनाकोट के मड़े गांव निवासी 27 वर्षीय बबली, पाताल भुवनेश्वर निवासी 46 वर्षीय कलावती देवी और बिछुल निवासी 40 वर्षीय कलावती देवी को रविवार के दिन सांप ने काट लिया। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं घास काटने के लिए खेत में गई थीं, तभी सांप ने उन्हें काट लिया। इसके बाद तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर आशु अवस्थी ने बताया कि तीनों की हालत खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है। डॉक्टर ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। इसी तरह कासनी निवासी 6 वर्षीय प्रियांशी बिष्ट को भी बिच्छू ने काट लिया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
डॉक्टर अवस्थी ने कहा कि बरसात के मौसम में सांप और बिच्छू के काटने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए लोगों को खेतों और झाड़ियों वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि जिला अस्पताल में सांप के काटने के इलाज की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद है।