युवक ने मारपीट और धमकी का लगाया आरोप
एन आई एन,
पिथौरागढ़। जाजरदेवल क्षेत्र में आईफोन की किस्त के भुगतान को लेकर विवाद बढ़ गया। एक युवक ने दूसरे पक्ष पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जाजरदेवल निवासी गिरीश ने थाना जाजरदेवल में दी तहरीर में बताया कि करीब सात माह पूर्व उसने 42 हजार रुपये कीमत का आईफोन जैकी उर्फ आदी निवासी मड़ सिलौली को किस्तों पर दिलाया था।
आरोप है कि मोबाइल की किस्तों के भुगतान को लेकर बातचीत के लिए जैकी ने उसे 27 जून को पंडा बाईपास पर बुलाया। गिरीश का आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद जैकी और उसके कुछ साथियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उसने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। उसने यह भी दावा किया कि घटना से संबंधित साक्ष्य उसके पास मौजूद हैं।
थानाध्यक्ष मनोज पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।