एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है, संयुक्त कार्रवाई में आज भाटकोट क्षेत्र से एक युवक को 41.5 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को उपनिरीक्षक ललित डंगवाल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम सिल्थाम तिराहे से मिशन स्कूल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिशन स्कूल से पहले सड़क पर एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और तेजी से घर के भीतर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम 19 वर्षीय संदेश कुमार निवासी भाटकोट बताया। उसके पास मौजूद प्लास्टिक की पन्नी की तलाशी लेने पर सिल्वर फॉयल में पैक 25 पुड़ियां और भूरे रंग का पाउडर बरामद हुआ। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में यह पदार्थ स्मैक पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर बरामद स्मैक का वजन 41.5 ग्राम निकला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक नानकमत्ता से खरीदकर लाया था और उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। स्मैक को सील कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।