एन आई एन,
मुनस्यारी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत विकासखंड मुनस्यारी में 85 पोलियो बूथों के माध्यम से 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2352 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में प्रभारी डॉ. गौरव कुमार ने एक बच्चे को पोलियो ड्रॉप पिलाकर किया।
अभियान के सफल संचालन के लिए 85 बूथों, एक सचल दल, 340 से अधिक बूथ कर्मियों तथा 34 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई थी। जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न बूथों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और अभियान का शुभारंभ किया।
तीन दिवसीय अभियान के प्रथम दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक पिलाने के साथ घरों की मार्किंग भी करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मुनस्यारी मुख्य केंद्र में सर्वाधिक 129 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई, जबकि डूंगरी बूथ में केवल एक बच्चे को खुराक पिलाई गई। अभियान के तहत गठित मोबाइल टीम ने बस और टैक्सी स्टैंड पर बाहर से आने-जाने वाले 15 बच्चों को भी पोलियो ड्रॉप पिलाई।
डॉ. गौरव ने नई बस्ती, दरांती, सुरिंग, सेबिला और खसियाबाड़ा सहित विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान को सफल बनाने में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, एएनएम, सीएचओ, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। डॉ. गौरव कुमार ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी कर्मियों, सुपरवाइजरों और प्रबंधकीय टीम का आभार व्यक्त किया।