एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा एवं सहायक नदियों के संरक्षण, स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नदियों, गाड़-गधेरों और प्राकृतिक जल स्रोतों में कूड़ा-कचरा व प्लास्टिक फेंकने पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा संबंधित विभाग नियमित निगरानी करें। उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, घाटों की स्वच्छता, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया।
बैठक में धारचूला, बेरीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट और मुनस्यारी में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन एसटीपी कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, उपप्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार और अधिशासी अभियंता जल निगम पी.एन. चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।