एन आई एन,
पिथौरागढ़। 23 जून को नगर क्षेत्र से लापता हुई पांच वर्षीय बालिका से बलात्कार की पुष्टि हो गई है। पुलिस ने इस मामले में रई, धनोड़ा निवासी 35 वर्षीय वाहन चालक होशियार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने शुक्रवार को कोतवाली में पत्रकार वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया की 23 जून को होशियार सिंह बालिका को बहला फुसलाकर एक कमांडर जीप में बैठा कर बिण क्षेत्र के जंगल में ले गया जहां उसने उसके साथ वीभत्स ढंग से दुराचार किया और उसके बाद उसे वापस टनकपुर तिराहे पर बेहोशी की हालत में छोड़ गया।
पुलिस ने इस मामले में कई सीसीटीवी खंगाले और होशियार सिंह को बालिका को साथ ले जाते हुए देखा। उसे बीते रोज होशियार सिंह को पुनेड़ी महर के पास से हिरासत में ले लिया गया था। उन्होंने बताया कि होशियार सिंह अपराधिक प्रवृत्ति का रहा है। उसमें 2022 में भी पिथौरागढ़ जिले में 11 वर्षीय बालक का अपहरण कर उसके साथ कुकर्म किया था। जिस पर उसे पोक्सो एक्ट के तहत 7 वर्ष की सजा सुनाई गई थी। इस समय वह हरिद्वार जेल में सजा काट रहा था। एक माह पूर्व ही जमानत पर रिहा हुआ था। उन्होंने बताया कि होशियार सिंह से पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि उसने पिछले एक माह के दौरान कोई और अपराध तो नहीं किया।
आरोपी कितनी घृणित मानसिकता का है इसका पता इस बात से लग जाता है कि उसने गिरफ्तार होने के बाद कहा है कि वह जमानत पर बाहर आने या सजा काटकर आने के बाद फिर इस तरह का कृत्य करेगा। उसने पुलिस के समक्ष इस कृत्य को करना स्वीकार किया है। इस मामले की पूरी विवेचना एस आई बबीता टम्टा व प्रियंका मोनी ने की। आरोपी की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक कमलेश जोशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी को पकड़ने वाली कोतवाल ललित मोहन जोशी की टीम को ₹5000 इनाम दिए जाने की घोषणा की है। जांच में यह भी पता चला है कि बहुत पहले वह टिप्पर चलाता था, उसके पास कोई मोबाइल नहीं है, वह शादीशुदा नहीं है।